Visitors have accessed this post 7 times.

हसायन : ज्येष्ठ मास के शुक्ल पक्ष की पावन निर्जला एकादशी के अवसर पर हसायन कोतवाली परिसर के मुख्य द्वार पर शरबत वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व प्रभारी निरीक्षक मनीष चिखारा ने किया। इस दौरान पुलिस कर्मियों ने राहगीरों, वाहन चालकों एवं आम नागरिकों को दुग्ध मिश्रित शीतल शरबत वितरित कर भीषण गर्मी में राहत पहुंचाई। प्रभारी निरीक्षक मनीष चिखारा ने बताया कि निर्जला एकादशी हिंदू धर्म का एक महत्वपूर्ण पर्व है। इस दिन व्रत, दान-पुण्य और सेवा कार्यों का विशेष महत्व माना जाता है। उन्होंने कहा कि जल एवं शीतल पेय पदार्थों का दान समाज में परोपकार और मानवता की भावना को मजबूत करता है।उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि गर्मी के मौसम में जरूरतमंद लोगों के साथ-साथ बेजुबान पशु-पक्षियों के लिए भी पानी की उचित व्यवस्था करनी चाहिए। इससे मानव सेवा के साथ जीवों के प्रति संवेदनशीलता का संदेश भी समाज में प्रसारित होता है।

शरबत वितरण कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में राहगीरों और वाहन चालकों ने शीतल पेय ग्रहण किया तथा पुलिस के इस जनसेवा अभियान की सराहना की। स्थानीय लोगों ने कहा कि इस प्रकार के सामाजिक और धार्मिक अवसरों पर आयोजित सेवा कार्य समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं। निर्जला एकादशी को सेवा, दान और परोपकार का पर्व माना जाता है। इसी भावना के तहत हसायन कोतवाली पुलिस द्वारा आयोजित यह शरबत वितरण कार्यक्रम सामाजिक सरोकार और जनसेवा का एक सराहनीय उदाहरण बनकर सामने आया।

INPUT – YATENDRA PRATAP