Visitors have accessed this post 120 times.

हसायन नगर स्थित दाऊजी महाराज मंदिर में निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर भगवान दाऊजी महाराज का जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया तथा भगवान दाऊजी महाराज को छप्पन भोग अर्पित किए गए। पूजन-अर्चन और विशेष आरती के बाद मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद वितरण का आयोजन किया गया। प्रसाद के रूप में पूरी-सब्जी का वितरण किया गया, जिसे बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक ग्रहण किया। आरती के दौरान मंदिर परिसर “दाऊजी महाराज की जय” के जयघोष से भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम में नगर के बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक शामिल हुए। सभी ने भगवान दाऊजी महाराज के दर्शन कर सुख-समृद्धि एवं क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। पूरे दिन मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही और भक्तों ने भक्ति भाव से पूजा-अर्चना कर प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर समिति के अनुसार, दाऊजी महाराज का जन्मोत्सव प्रत्येक वर्ष निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया जाता है। इस वर्ष भी धार्मिक परंपरा का पालन करते हुए भव्य आयोजन किया गया, जिसमें नगरवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

INPUT – YATENDRA PRATAP