Visitors have accessed this post 6 times.

हाथरस जनपद में 28 जून से शुरू होने वाले राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से शनिवार को जनपद स्तरीय जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. वेद प्रकाश ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली में एएनएम, आशा कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जागरूकता रैली मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः सीएमओ कार्यालय पर समाप्त हुई। रैली के माध्यम से लोगों को पोलियो उन्मूलन अभियान में सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वेद प्रकाश ने बताया कि 28 जून से 6 जुलाई 2026 तक चलने वाले राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के दौरान जिले के 0 से 5 वर्ष तक के 2 लाख 73 हजार 83 बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के सफल संचालन के लिए जिले में 771 पोलियो बूथ, 514 घर-घर भ्रमण करने वाली टीमें, 173 पर्यवेक्षक, 32 सेक्टर चिकित्सा अधिकारी तथा 8 जनपद स्तरीय अधिकारियों की तैनाती की गई है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सीएमओ ने जनपदवासियों से अपील की कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर अवश्य ले जाएं और उन्हें पोलियो की दो बूंद पिलाकर इस महत्वपूर्ण जनस्वास्थ्य अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों की सुरक्षा के लिए प्रत्येक बच्चे तक वैक्सीन पहुंचाना बेहद आवश्यक है।

INPUT – RAHUL SHARMA