Visitors have accessed this post 9 times.

हाथरस : चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एसोसिएशन ने सासनी स्थित बलाजी रिसॉर्ट में चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया। इस अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक, मनोरंजक और खेल गतिविधियों में शहर के चार्टर्ड अकाउंटेंट्स अपने परिवारों के साथ शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य व्यस्त पेशेवर जीवन के बीच सदस्यों को परिवार के साथ गुणवत्तापूर्ण समय बिताने का अवसर प्रदान करना और मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देना रहा। एसोसिएशन ने इस वर्ष पूरे जून माह को “सीए माह” के रूप में मनाया। इसके तहत प्रत्येक रविवार को पूल पार्टी, योग अभ्यास और बैडमिंटन प्रतियोगिता जैसी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन आयोजनों में सदस्यों और उनके परिवारों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सीए दिवस समारोह के दौरान कपल गेम्स, बच्चों के लिए विशेष खेल और हाउसी का आयोजन किया गया, जिससे पूरे कार्यक्रम में उत्साह और पारिवारिक माहौल बना रहा। बैडमिंटन प्रतियोगिता के विजेताओं को ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

बैडमिंटन प्रतियोगिता के परिणाम

  • पुरुष एकल विजेता: सीए अमन अग्रवाल
  • पुरुष एकल उपविजेता: सीए नितिन अग्रवाल
  • महिला एकल विजेता: सीए प्राची अग्रवाल
  • महिला एकल उपविजेता: शीतल वार्ष्णेय

कार्यक्रम का संचालन शीतल वार्ष्णेय, करिश्मा बिंदल और पूजा अग्रवाल ने संयुक्त रूप से किया।एसोसिएशन के अध्यक्ष सीए नितिन के. वार्ष्णेय ने कहा कि प्रत्येक वर्ष 1 जुलाई को सीए दिवस मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि 1 जुलाई 1949 को इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) की स्थापना का मार्ग प्रशस्त हुआ था। तब से ICAI देश की आर्थिक व्यवस्था, वित्तीय पारदर्शिता और कर प्रणाली को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।सचिव सीए गितांश बिंदल ने सीए माह के दौरान आयोजित सभी गतिविधियों की जानकारी देते हुए प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। वहीं कोषाध्यक्ष सीए प्रतीक अग्रवाल ने बताया कि वर्तमान कार्यकारिणी ने पिछले छह माह में गणतंत्र दिवस समारोह, होली मिलन एवं भजन संध्या, एसजीएसटी विभाग के साथ मैत्री क्रिकेट मैच तथा नए आयकर अधिनियम 2025 पर तीन दिवसीय ऑनलाइन सेमिनार जैसे कई सफल कार्यक्रम आयोजित किए हैं।

कार्यक्रम के अंत में सीए माह के सभी आयोजनों को सफल बनाने में विशेष योगदान देने वाले सीए प्रवीण जैन को स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया। समारोह का समापन पारिवारिक सौहार्द और उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। इस अवसर पर शहर के वरिष्ठ एवं युवा चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ने अपनी व्यस्त पेशेवर जिम्मेदारियों से समय निकालकर परिवार के साथ यादगार पल बिताए।

INPUT – AMIT SHARMA