Visitors have accessed this post 135 times.
हाथरस जनपद हाथरस के महो ब्लॉक में परिवार नियोजन कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से राज्य स्तरीय उत्तर प्रदेश टेक्निकल सपोर्ट यूनिट (लखनऊ) के प्रतिनिधियों द्वारा त्रैमासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान परिवार नियोजन सेवाओं की प्रगति का मूल्यांकन किया गया तथा स्वास्थ्यकर्मियों को अंतरा सबक्यूटेनियस इंजेक्शन के नए वेरिएंट के संबंध में प्रशिक्षण प्रदान किया गया। समीक्षा के दौरान उत्तर प्रदेश टेक्निकल सपोर्ट यूनिट के प्रतिनिधि कृष्ण पाल यादव एवं आशीष कुमार शर्मा ने परिवार नियोजन कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित सेवाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित रिकॉर्ड, रजिस्टर एवं सेवा प्रदाय व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की गई। साथ ही एएनएम (ANM) एवं कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर्स (CHO) को अंतरा सबक्यूटेनियस इंजेक्शन के नए वेरिएंट के उपयोग, लाभ एवं सेवा प्रदान करने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. साहब सिंह, जिला परिवार नियोजन एवं लॉजिस्टिक्स प्रबंधक विजय पाल सिंह, चिकित्सा अधिकारी डॉ. राशि जादौन, चीफ फार्मासिस्ट प्रमोद कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान अधिकारियों ने बताया कि 1 अप्रैल 2026 से अंतरा सबक्यूटेनियस इंजेक्शन के नए वेरिएंट की सेवाएं प्रदेश में उपलब्ध कराई जा रही हैं। इस नए वेरिएंट का उद्देश्य महिलाओं को अधिक सुविधाजनक एवं प्रभावी गर्भनिरोधक विकल्प उपलब्ध कराना है। विशेषज्ञों के अनुसार, इससे संभावित रूप से माहवारी में होने वाले बदलाव पहले की तुलना में कम हो सकते हैं, जिससे महिलाओं में इसकी स्वीकार्यता बढ़ने की संभावना है। अधिकारियों ने स्वास्थ्यकर्मियों से समुदाय स्तर पर परिवार नियोजन सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने, पात्र लाभार्थियों तक सही जानकारी पहुंचाने तथा गुणवत्तापूर्ण सेवाएं सुनिश्चित करने का आह्वान किया। बैठक में कार्यक्रम की गुणवत्ता सुधार, सेवा विस्तार और बेहतर क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि नए वेरिएंट के प्रभावी क्रियान्वयन से परिवार नियोजन कार्यक्रम को और मजबूती मिलेगी तथा महिलाओं को सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त होगा।

INPUT – RAHUL SHARMA











