Visitors have accessed this post 129 times.
हाथरस : मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वेद प्रकाश ने गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदराराऊ में ब्लॉक हसायन एवं सिकंदराराऊ की एएनएम द्वारा किए जा रहे विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक की। इस दौरान जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) बलवीर वर्मा भी मौजूद रहे। बैठक में अति कुपोषित बच्चों की पहचान एवं प्रबंधन, नियमित टीकाकरण, एचपीवी वैक्सीनेशन, प्रतिरोधी परिवारों के बच्चों का टीकाकरण, परिवार नियोजन, संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा संभव अभियान 6.0 की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान कार्यों में अपेक्षित प्रगति न मिलने पर सीएमओ ने एएनएम श्रीमती प्रीति (उपकेंद्र नगला पट्टी देवरी), श्रीमती निशा (उपकेंद्र नवीपुर), श्रीमती तरुणा (उपकेंद्र पोरा), श्रीमती सोनू (उपकेंद्र श्रीनगर), श्रीमती निम्मी (उपकेंद्र नगला उड़ेया), श्रीमती प्रियंका (उपकेंद्र बंद अब्दुल अहीपुर) तथा आईओ श्री राजकुमार और श्री रवीन्द्र को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्साधिकारी ने स्पष्ट किया कि यदि संबंधित कर्मचारियों की ओर से संतोषजनक जवाब प्राप्त नहीं होता है तो उनके विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी स्वास्थ्य कर्मियों को शासन की प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
INPUT – RAHUL SHARMA











