Visitors have accessed this post 52 times.
हाथरस : जिला कांग्रेस कमेटी हाथरस के जिलाध्यक्ष पं. विवेक उपाध्याय ने कहा कि आज देश का छात्र और युवा वर्ग पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं, बढ़ती बेरोज़गारी और शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी अनेक चुनौतियों का सामना कर रहा है। उन्होंने कहा कि नीट सहित कई प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर उठे सवालों ने करोड़ों विद्यार्थियों और उनके परिवारों के मन में परीक्षा प्रणाली की निष्पक्षता को लेकर चिंता पैदा की है। वर्षों की मेहनत के बाद भी यदि परीक्षाएं पारदर्शी और निष्पक्ष ढंग से संपन्न न हों, तो यह छात्रों के भविष्य के साथ अन्याय है। पं. विवेक उपाध्याय ने बताया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा शुरू किया गया ‘छात्रों की गूंज’ अभियान छात्रों की समस्याओं, सुझावों और अनुभवों को सीधे सुनने का प्रयास है। उनका कहना है कि इस अभियान के माध्यम से छात्रों के मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाया जाएगा तथा शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित कराने की दिशा में जनजागरण किया जाएगा। उन्होंने हाथरस जनपद के सभी छात्र-छात्राओं से अभियान से जुड़ने और अपनी समस्याएं, सुझाव तथा अनुभव साझा करने की अपील की। उनका कहना है कि इससे छात्रों की आवाज़ लोकतांत्रिक मंचों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। जिलाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से उठाती रही है और आगे भी पेपर लीक, परीक्षा घोटालों तथा भर्ती प्रक्रियाओं में अनियमितताओं के खिलाफ आवाज़ उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई और पारदर्शी एवं निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली सुनिश्चित कराना आवश्यक है। इस अवसर पर जिला कोषाध्यक्ष संजीव अंधिवाल, जिला महासचिव कपिल सिंह तथा जिला महासचिव पवन पंडित सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
INPUT – RAHUL SHARMA











