Visitors have accessed this post 412 times.
हाथरस जनपद के खिलाड़ियों के लिए प्रदेश स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर है। उप क्रीड़ा अधिकारी, हाथरस ने विभिन्न खेलों के लिए जिला एवं मंडल स्तरीय चयन ट्रायल की तिथियां घोषित कर दी हैं। चयन प्रक्रिया के माध्यम से फुटबॉल, बॉक्सिंग, हैंडबॉल, बास्केटबॉल, जिम्नास्टिक और कबड्डी प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। जारी कार्यक्रम के अनुसार जूनियर बालक वर्ग फुटबॉल के जिला स्तरीय चयन ट्रायल 21 जुलाई को दोपहर 2 बजे स्पोर्ट्स स्टेडियम, हाथरस में आयोजित होंगे, जबकि मंडल स्तरीय ट्रायल 22 जुलाई को दोपहर 2 बजे अहिल्याबाई होल्कर स्पोर्ट्स स्टेडियम, अलीगढ़ में होंगे। इस प्रतियोगिता में वही खिलाड़ी भाग ले सकेंगे जिनकी जन्मतिथि 1 जनवरी 2011 से 31 दिसंबर 2012 के बीच है। जूनियर बालिका वर्ग बॉक्सिंग के लिए जिला स्तरीय ट्रायल 21 जुलाई को सुबह 10 बजे हाथरस स्पोर्ट्स स्टेडियम में तथा मंडल स्तरीय चयन 23 जुलाई को सुबह 11 बजे अलीगढ़ में आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा महिला हैंडबॉल एवं बास्केटबॉल प्रतियोगिताओं के जिला स्तरीय चयन 24 जुलाई तथा मंडल स्तरीय चयन 25 जुलाई को सुबह 11 बजे अहिल्याबाई होल्कर स्पोर्ट्स स्टेडियम, अलीगढ़ में होंगे। वहीं जिम्नास्टिक और कबड्डी के जिला स्तरीय ट्रायल 28 जुलाई को सुबह 10 बजे स्पोर्ट्स स्टेडियम, हाथरस में तथा मंडल स्तरीय चयन 29 जुलाई को सुबह 11 बजे अलीगढ़ में आयोजित किए जाएंगे। उप क्रीड़ा अधिकारी ने सभी खिलाड़ियों से निर्धारित समय पर चयन ट्रायल में उपस्थित होने की अपील की है। उन्होंने बताया कि प्रतिभागियों को अपने साथ मूल शैक्षिक प्रमाण-पत्र, आयु प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड तथा जन्म प्रमाण-पत्र की छायाप्रति अनिवार्य रूप से लानी होगी। निर्धारित दस्तावेजों के बिना खिलाड़ियों को चयन प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा।
INPUT – RAHUL SHARMA











