Visitors have accessed this post 12 times.
हाथरस : थाना मुरसान पुलिस ने नकली करेंसी को असली बताकर ठगी करने और विरोध करने पर फायरिंग करने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ₹500 के 576 नकली नोट, जिन पर “भारतीय मनोरंजन बैंक” अंकित है, तथा ₹500 के 4 असली भारतीय रिजर्व बैंक के नोट बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई 2026 को अलीगढ़ निवासी मानव शर्मा ने थाना मुरसान में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके व्हाट्सएप पर एक व्यक्ति ने वीडियो भेजकर दावा किया कि वह कम कीमत में कई गुना अधिक करेंसी उपलब्ध कराता है। आरोपी ने ₹50 हजार के बदले अधिक रकम देने का लालच देकर उन्हें मुरसान बुलाया। शिकायत के मुताबिक, तय स्थान पर आरोपी प्रदीप ने एक बैग में ₹500 के नोट दिखाए। बैग के ऊपर और नीचे असली नोट रखे गए थे, जबकि बीच में “भारतीय मनोरंजन बैंक” लिखे नकली नोट रखकर उन्हें असली बताने का प्रयास किया गया। जब शिकायतकर्ता ने नोटों की जांच की तो वे नकली निकले। विरोध करने पर आरोपी और उसके साथियों ने कथित रूप से जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी, जिसमें शिकायतकर्ता और उसके साथी बाल-बाल बच गए। घटना के बाद दर्ज मुकदमे में पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी सादाबाद के पर्यवेक्षण में थाना मुरसान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रदीप पुत्र मूलचंद्र शर्मा, निवासी नगला हंसी, थाना मुरसान को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से ₹500 के 576 नकली नोट, जिन पर “भारतीय मनोरंजन बैंक” अंकित था, तथा ₹500 के चार असली भारतीय रिजर्व बैंक के नोट बरामद किए। पुलिस ने बताया कि मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज है और आरोपी से पूछताछ कर उसके आपराधिक इतिहास एवं अन्य संभावित साथियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के अवैध धन दोगुना करने या नकली करेंसी से जुड़े लालच में न आएं और ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
INPUT – VIRENDRA SHARMA









