Visitors have accessed this post 15 times.
सिकंदराराऊ के मोहल्ला ब्राह्मणपुरी स्थित शिशु शिक्षा मंदिर (पेड़ वाले स्कूल) में सोमवार को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत स्वास्थ्य विभाग की ओर से अभियान चलाया गया। इस दौरान स्कूल के बच्चों को एल्बेंडाजोल की कृमिनाशक गोलियां खिलाई गईं। कार्यक्रम में मुख्य रूप से डॉ. साबू और डॉ. पीपी सिंह मौजूद रहे। चिकित्सकों ने बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाने के साथ ही पेट के कीड़ों से होने वाली स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के बारे में जानकारी दी। डॉक्टरों ने बताया कि बच्चों के पेट में कीड़े होने से खून की कमी यानी एनीमिया और कुपोषण जैसी समस्याएं हो सकती हैं। बच्चों को स्वस्थ रखने और उनके पोषण में सुधार के लिए समय-समय पर कृमिनाशक दवा का सेवन जरूरी है। उन्होंने बच्चों और शिक्षकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए भोजन करने से पहले अच्छी तरह हाथ धोने की सलाह दी। स्कूल के प्रधानाचार्य नरेश चतुर्वेदी ने स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान बच्चों के स्वास्थ्य के लिए बेहद उपयोगी हैं। इस अवसर पर शरद शर्मा, विवेक बघेल, अनिल उपाध्याय, उत्कर्षवर्ती पाठक, केके शर्मा, मनीष शर्मा, नैना सैनी, योगिता सैनी, अनुपम तोमर, सोनी यादव और संध्या शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
INPUT – NEERAJ GUPTA










