Visitors have accessed this post 192 times.

पुरदिलनगर : सरस्वती विद्या मन्दिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पुरदिलनगर में छात्राओं के लिए मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मकता, कलात्मक कौशल और भारतीय संस्कृति के प्रति लगाव का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान छात्राओं ने हाथों पर आकर्षक एवं मनमोहक मेहंदी डिज़ाइन बनाकर सभी का ध्यान आकर्षित किया। आयोजन में डिज़ाइन की सुंदरता, स्वच्छता, कलात्मकता और समयबद्धता जैसे मानकों का विशेष ध्यान रखा गया। प्रतिभागियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने निर्णायकों एवं उपस्थित लोगों को प्रभावित किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री हरीशंकर शर्मा ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास बढ़ाने और भारतीय कला एवं संस्कृति के प्रति रुचि विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। प्रतियोगिता का मूल्यांकन निर्णायक मंडल की सदस्य बहन नीरज कुशवाह एवं शकुंतला देवी द्वारा किया गया। परिणामों के अनुसार शिशु वर्ग में सृष्टि यादव ने प्रथम तथा संध्या ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं बाल वर्ग में नव्या प्रथम, सानिया द्वितीय तथा वर्तिका एवं नीतू ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान हासिल किया।

विद्यालय प्रशासन ने बताया कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

INPUT – PUSHPAKANT SHARMA