Visitors have accessed this post 68 times.
हाथरस के मथुरा रोड स्थित लॉर्ड कृष्णा विद्यालय में पुलिस विभाग की ‘पंख पहल’ के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के नेतृत्व में विद्यार्थियों के साथ विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में इंस्पेक्टर अवधेश कुमार एवं सब-इंस्पेक्टर अमित मलिक ने विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें मोबाइल और स्क्रीन की दुनिया से कुछ समय दूर रहकर कागज-कलम के माध्यम से अपने विचार, भावनाएं और सपने व्यक्त करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान विद्यार्थियों के लिए पत्र लेखन गतिविधि भी आयोजित की गई।
इंस्पेक्टर अवधेश कुमार ने कहा कि नियमित लेखन बच्चों की रचनात्मक सोच, अभिव्यक्ति क्षमता और व्यक्तित्व विकास को मजबूत करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से मोबाइल के अनावश्यक प्रयोग को कम करने, परिवार के साथ समय बिताने, माता-पिता एवं बड़ों का सम्मान करने तथा दादा-दादी के अनुभवों से सीखने का आह्वान किया।
सब-इंस्पेक्टर अमित मलिक ने विद्यार्थियों को जीवन-मूल्यों को अपनाने के साथ राष्ट्रीय गौरव की भावना विकसित करने, समय-प्रबंधन, बचत, अनुशासन और जिम्मेदारी को अपने जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य बच्चों को संवेदनशील, संस्कारवान और जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है।

पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को समझाया कि शिक्षा और राष्ट्र-निर्माण एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हैं। बच्चों की सकारात्मक सोच, अच्छे संस्कार और रचनात्मक अभिव्यक्ति ही भविष्य के सशक्त समाज की नींव तैयार करती है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अरुण शर्मा ने पुलिस अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह की पहल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और चरित्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और मोबाइल के सीमित उपयोग, नियमित लेखन तथा परिवार एवं समाज के प्रति अपने दायित्वों को समझने का संकल्प लिया।

INPUT – AMIT SHARMA










