Visitors have accessed this post 131 times.
सादाबाद तहसील स्तरीय माध्यमिक विद्यालय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन एस.बी.जे. इंटर कॉलेज, बिसावर में किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाचार्य रामचरन सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। प्रतियोगिता में तहसील क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों से आए बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों के बीच हुए मुकाबलों में खेल भावना, अनुशासन और प्रतिस्पर्धा का उत्कृष्ट उदाहरण देखने को मिला। अंडर-19 वर्ग में मेजबान एस.बी.जे. इंटर कॉलेज, बिसावर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव हासिल किया, जबकि एम.एल. इंटर कॉलेज, सहपऊ की टीम उपविजेता रही। वहीं अंडर-17 वर्ग में जनता इंटर कॉलेज, सहपऊ की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विजेता का खिताब अपने नाम किया। श्री कर्ण सिंह जनता इंटर कॉलेज, तसींगा की टीम उपविजेता रही। प्रतियोगिता के सफल संचालन में विभिन्न विद्यालयों से आए शारीरिक शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इनमें सत्यपाल सिंह, सत्यनारायण यादव, अजय कुमार, पवन कुमार, लालाराम सिंह तथा अजय कुमार सिंह प्रमुख रूप से शामिल रहे। सभी के सहयोग से प्रतियोगिता शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुई। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता एवं उपविजेता टीमों को बधाई दी गई तथा खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

INPUT – S P CHAUDHARY










