Visitors have accessed this post 129 times.
सिकंदराराऊ के कासगंज रोड स्थित समाजसेवी आकाश दीक्षित के ममता फार्म हाउस पर आयोजित भव्य श्री शिव महापुराण कथा ज्ञान यज्ञ के चतुर्थ दिवस श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। कथा का शुभारंभ विधायक वीरेंद्र सिंह राणा ने व्यास पीठ का पूजन एवं आरती कर किया। कथा व्यास परम पूज्य श्री श्री श्री 1008 श्री सतगुरु शरण देव जी महाराज, अयोध्याधाम ने भगवान शिव की महिमा का वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को त्रिपुरासुर वध और जालंधर वध की कथा सुनाई। कथा के दौरान उन्होंने ताड़कासुर के तीनों पुत्रों त्रिपुरासुरों के जन्म, उनकी कठोर तपस्या, प्राप्त वरदान और वरदान के अहंकार में किए गए अत्याचारों का विस्तार से वर्णन किया। कथा व्यास ने बताया कि त्रिपुरासुरों के अत्याचार से जब देवता, ऋषि-मुनि और समस्त प्राणी परेशान हो गए, तब सभी ने भगवान शिव की शरण ली। धर्म की रक्षा और अधर्म के विनाश के लिए भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का संहार किया। इसके बाद जालंधर वध का प्रसंग सुनाया गया। कथा व्यास ने बताया कि जालंधर अत्यंत शक्तिशाली असुर था, लेकिन अहंकार और अधर्म के मार्ग पर चलने के कारण उसका अंत निश्चित हुआ। भगवान शिव ने उसका वध कर यह संदेश दिया कि संसार में धर्म और सत्य से बड़ी कोई शक्ति नहीं है। कथा के दौरान भक्ति, सत्य, धर्म, सेवा और सदाचार का संदेश दिया गया। प्रसंगों पर श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए और पूरा कथा पंडाल ‘हर-हर महादेव’ तथा ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से गूंज उठा। आयोजन में श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। प्रतिदिन बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए पहुंच रहे हैं। आगामी कथा प्रसंगों को लेकर भी श्रद्धालुओं में उत्साह बना हुआ है। इस अवसर पर आयोजक आकाश दीक्षित सहित दीक्षित परिवार, मुकुल गुप्ता, गिरीश मोहन गुप्ता, विशाल राज चौहान, शास्त्री जी, मयंक उपाध्याय, पंकज पाठक, सत्यप्रकाश शर्मा, राजेश महाजन, राजेंद्र शर्मा, प्रमोद शर्मा, आकाश शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे.

INPUT – NEERAJ GUPTA











