Visitors have accessed this post 121 times.

हाथरस : जनशिकायतों के त्वरित और प्रभावी निस्तारण को प्राथमिकता देते हुए आयोजित थाना समाधान दिवस में जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने थाना कोतवाली हाथरस गेट पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान विभिन्न मामलों से संबंधित लगभग छह से सात शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से दो शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। थाना समाधान दिवस के दौरान प्राप्त शिकायतों में एक दुर्घटना से संबंधित मामला भी शामिल रहा। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पीड़ित को शासन की संचालित योजनाओं के अंतर्गत सहायता अथवा पुनर्वास का लाभ दिलाने की संभावनाओं का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि थाना समाधान दिवस में प्राप्त होने वाली प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से भूमि विवाद से जुड़े मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम बनाकर मौके पर जांच और भौतिक सत्यापन कराने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि जनशिकायतों का प्रभावी समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के समाधान में संवेदनशीलता और जवाबदेही का विशेष ध्यान रखा जाए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, उपजिलाधिकारी सदर, थाना प्रभारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

INPUT – RAHUL SHARMA