Visitors have accessed this post 123 times.
मुरसान क्षेत्र के गांव मोहनपुरा में लंबे समय से गंदे पानी और कीचड़ की समस्या से परेशान ग्रामीणों को अब प्रशासनिक कार्रवाई से राहत की उम्मीद जगी है। ग्रामीणों द्वारा गांव के बदहाल हालात को लेकर चुनाव बहिष्कार और पलायन की चेतावनी दिए जाने के बाद मंगलवार को प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची। मौके पर नायब तहसीलदार, ग्राम पंचायत अधिकारी, लेखपाल सहित अन्य अधिकारी पहुंचे। अधिकारियों की मौजूदगी में जेसीबी की मदद से ग्राम समाज की जमीन पर गड्ढा खुदवाकर जल निकासी की व्यवस्था तैयार कराई जा रही है। प्रशासन की ओर से गांव में साफ-सफाई और पानी निकासी की समस्या के समाधान के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। बताया गया कि मोहनपुरा गांव के तीन बच्चों ने गांव की बदहाल स्थिति को लेकर जिलाधिकारी से शिकायत की थी। शिकायत का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों की टीम को मौके पर भेजकर जल्द से जल्द साफ-सफाई और जल निकासी की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए थे। ग्रामीणों के अनुसार, काफी समय से गांव की गलियों में नालियों का गंदा पानी जमा रहने के कारण कीचड़ और दलदल की स्थिति बनी हुई है। पानी से निकलने वाली दुर्गंध के चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने इससे संक्रामक बीमारियों का खतरा होने की आशंका भी जताई है। गांव निवासी रामवीर सिंह ने बताया कि लंबे समय से गलियों में गंदा पानी जमा है, जिससे ग्रामीणों को काफी दिक्कत हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल निकासी की स्थायी व्यवस्था हो जाती है तो उन्हें बड़ी राहत मिलेगी। फिलहाल प्रशासनिक टीम की निगरानी में जेसीबी से पानी निकासी के लिए गड्ढा तैयार कराया जा रहा है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि इस कार्रवाई के बाद मोहनपुरा में जलभराव और गंदगी की समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा।
INPUT – VIRENDRA SHARMA











