Visitors have accessed this post 106 times.
हाथरस : आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर हाथरस जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव एवं ब्रिज जोन प्रभारी तथा पूर्व विधायक कुणाल चौधरी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से संवाद किया और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने को लेकर विस्तृत चर्चा की। बैठक की अध्यक्षता पं. विवेक उपाध्याय, जिला अध्यक्ष कांग्रेस-हाथरस ने की, जबकि संचालन योगेश कुमार, शहर अध्यक्ष कांग्रेस-हाथरस ने किया। बैठक के दौरान कुणाल चौधरी ने जिला एवं शहर कांग्रेस के पदाधिकारियों से संगठन की वर्तमान स्थिति, कार्यकर्ताओं की भूमिका और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर जानकारी ली। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने और स्थानीय जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने का आह्वान किया। कुणाल चौधरी ने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव कांग्रेस के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इसके लिए अभी से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की जरूरत है। प्रत्येक कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं और मुद्दों को समझे तथा उनके समाधान के लिए संघर्ष करे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संवाद और मजबूत संगठन कांग्रेस की बड़ी ताकत है। वहीं, जिला कांग्रेस अध्यक्ष पं. विवेक उपाध्याय ने कहा कि हाथरस में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार जमीनी स्तर पर काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बैठक में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। पार्टी का लक्ष्य प्रत्येक बूथ पर मजबूत टीम तैयार करना और जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष योगेश कुमार ने कहा कि शहर कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन को मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा के साथ काम करेगा। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव को देखते हुए वार्ड और बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय किया जाएगा तथा कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा को जनता तक पहुंचाया जाएगा। बैठक में नितीश गौड़, ब्रह्मदेव शर्मा, ऋषि शर्मा, देवेंद्र शर्मा, अशोक गुप्ता, अवधेश बख्शी, अजीत गोस्वामी, संजीव अंधीवाल, अविनाश पचौरी, मथुरा प्रसाद, राय साहब, जेनुद्दीन, डॉ. अनुज संत, कपिल सिंह, अब्बास हुसैन, नवीन उपाध्याय, सत्यप्रकाश रंगीला, रामकुमार सारस्वत, गोविंद चतुर्वेदी, आमना बेगम, कृष्ण गुप्ता, पुष्पेंद्र फौजदार, चौबे, संतुन सेंगर, कृपेन्द्र चौहान, श्रीकृष्ण एडवोकेट, सेलेन्द्र सिंह, पवन पचौरी, हिमांशु सेंगर, सचिन उपाध्याय, मुकेश उपाध्याय, डॉ. प्रमोद, अमित कुमार सिंह, रोहित सिंह, मुकेश कुमार, हेमंत कुमार, धरवेंद्र गांधी, तरुण सागर, जुनेद एडवोकेट, विवेक कुमार, राजा खान सहित जिला एवं शहर कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
INPUT – AMIT SHARMA











