Visitors have accessed this post 68 times.

सादाबाद : रक्षा बंधन पर्व को देखते हुए मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने सादाबाद में छापेमारी की। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ के आदेश और जिलाधिकारी हाथरस के निर्देश पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कुमार सिंह एवं उपजिलाधिकारी सादाबाद के नेतृत्व में टीम ने जलेसर रोड स्थित विनोबा नगर में कई खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान टीम ने रामप्रकाश के खाद्य प्रतिष्ठान से खोया, श्री राम मिष्ठान भंडार से मीठा खोया तथा ताराचंद मिष्ठान भंडार से बर्फी, घेवर और घी के कुल पांच नमूने जांच के लिए लिए। इन नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।निरीक्षण के दौरान अस्वच्छ स्थिति में भंडारित करीब 25 लीटर दूध और 15 किलोग्राम पेड़ा भी मिला। अधिकारियों के निर्देश पर दोनों खाद्य पदार्थों को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। नष्ट किए गए खाद्य पदार्थों की अनुमानित कीमत करीब 4 हजार रुपये बताई गई है।

खाद्य सुरक्षा टीम ने कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने और खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता में लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी यदुवीर सिंह, करतार सिंह, पारुल सिंह, भरत सिंह, विकास कुमार, प्रियेश सिंह और सुरेंद्र कुमार गोंड समेत पुलिस बल मौजूद रहा।

INPUT – RAHUL SHARMA