Visitors have accessed this post 47 times.

सिकंदराराऊ के कासगंज रोड स्थित समाजसेवी आकाश दीक्षित के ममता फार्म हाउस पर चल रहे भव्य श्री शिव महापुराण कथा ज्ञान यज्ञ के आठवें दिन कथा का शुभारंभ विधिवत व्यास पीठ पूजन, पुष्पार्चना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। व्यास पीठ की पूजा-अर्चना ब्लॉक प्रमुख मुरसान रामेश्वर उपाध्याय ने विधि-विधान से की। उन्होंने व्यास पीठ पर पुष्प अर्पित कर भगवान शिव का स्मरण किया और दीप प्रज्वलित कर कथा के मंगलमय आयोजन की कामना की।इस अवसर पर कथा के आयोजक आकाश दीक्षित ने मुख्य अतिथि रामेश्वर उपाध्याय का जोरदार स्वागत किया। उन्होंने अतिथि को पगड़ी, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। आयोजक आकाश दीक्षित ने भाजपा नेता सोमेश यादव एवं छात्र नेता शुभम वार्ष्णेय सहित कथा में पहुंचे सभी श्रद्धालुओं एवं श्रोताओं का स्वागत एवं सम्मान किया। उन्होंने कहा कि शिव महापुराण कथा का उद्देश्य भगवान शिव की भक्ति, उनके आदर्शों और सनातन संस्कृति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। आठवें दिन कथा व्यास सतगुरु शरण देव महाराज अयोध्याधाम ने श्रद्धालुओं को शिव भक्ति का सार समझाते हुए भगवान शिव की आराधना के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने जीवन में नियमित रूप से शिव आराधना करने तथा मन, वचन और कर्म से भगवान शिव का स्मरण करने की प्रेरणा दी। कथा व्यास ने पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं पूजन की महिमा बताते हुए कहा कि श्रद्धा और विधि-विधान से पार्थिव शिवलिंग का निर्माण कर भगवान शिव का पूजन करने से मनुष्य को आध्यात्मिक शांति और पुण्य की प्राप्ति होती है। उन्होंने रुद्राभिषेक के महत्व को भी विस्तार से समझाते हुए कहा कि रुद्राभिषेक श्रद्धा, भक्ति और समर्पण का प्रतीक है। भगवान शिव के रुद्राभिषेक से भक्त के मन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और वह भगवान शिव के प्रति अपनी आस्था प्रकट करता है। कथा के दौरान भगवान शिव के जयकारों और भजनों से पूरा कथा पंडाल भक्तिमय हो उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कथा का रसपान किया और भगवान शिव की भक्ति में भावविभोर नजर आए। इस अवसर पर विष्णु शर्मा, मुकेश शर्मा, हर्ष पाठक, राजकुमार शर्मा, भूपेंद्र उपाध्याय, नरेश चतुर्वेदी, विनोद गोस्वामी, मनीष शर्मा, राकेश यादव, बृजबिहारी कौशिक, अंश शर्मा, मनोज उपाध्याय, सतीश शर्मा, सजल पंडित, हृदेश चौहान, रानू पंडित, अरविंद भारद्वाज, विशाल राज प्रधान एवं पार्थ शर्मा सहित अनेक श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजक मंडल की ओर से कथा में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित की गईं।

INPUT – NEERAJ GUPTA