Visitors have accessed this post 193 times.

सासनी : रक्षाबंधन के पावन पर्व के अवसर पर एस बी एस यूनियन स्कूल सासनी, हाथरस में राखी मेकिंग और मेहंदी प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी रचनात्मकता और कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूल के डायरेक्टर एवं प्रमुख उद्योगपति डॉ. विकास सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में रचनात्मक एवं सृजनात्मक सोच विकसित करने में इस तरह की प्रतियोगिताओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़े इन आयोजनों के माध्यम से बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। कक्षा 3 से 5 तक के विद्यार्थियों के लिए राखी मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई, जबकि कक्षा 6 से 9 तक के विद्यार्थियों ने मेहंदी प्रतियोगिता में भाग लिया। विद्यार्थियों ने आकर्षक राखियां तैयार करने के साथ-साथ सुंदर मेहंदी डिजाइन बनाकर अपनी कला का प्रदर्शन किया। मेहंदी प्रतियोगिता में सारिका श्रीवास्तव और लावण्या दिवाकर (कक्षा 9-B) ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया। टिया (9-B) और प्रांशी (8-A) द्वितीय स्थान पर रहीं, जबकि चारु (6-A) ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं, राखी मेकिंग प्रतियोगिता में लक्ष्मी (5-A) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

रिषित (3-B) और कनक (5-A) संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहे, जबकि लक्ष्य वार्ष्णेय (4-B) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रस्तुतियों के बीच विजेताओं का चयन निर्णायक कमेटी के लिए चुनौतीपूर्ण रहा। स्कूल के प्रधानाचार्य दुर्गेश पचौरी ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चों को अधिक से अधिक प्रतियोगिताओं में भाग लेना चाहिए।

इससे उनके ज्ञान, कौशल और व्यक्तित्व का बहुआयामी विकास होता है और वे समाज एवं राष्ट्र के लिए बेहतर योगदान देने में सक्षम बनते हैं। इस अवसर पर स्कूल के सभी शिक्षक एवं शिक्षिकाएं मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में एस बी एस यूनियन स्कूल परिवार की ओर से सभी विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को रक्षाबंधन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं।

INPUT – DEV PRAKASH DEV