Visitors have accessed this post 129 times.

मुरसान के बौहरान गली मोहल्ले में पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट और जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। एक दुकानदार व्यापारी के बेटे ने मोहल्ले के ही कुछ लोगों पर उसके भाई, भाभी और एक अन्य व्यक्ति के साथ लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से हमला करने का आरोप लगाया है। मामले में फायरिंग करने का आरोप भी लगाया गया है। पीड़ित पक्ष के अनुसार, घटना 28 अगस्त की रात करीब 10:30 बजे की है। विपिन शर्मा पुत्र बृजमोहन शर्मा, निवासी बौहरान गली थाना मुरसान, ने बताया कि वह अपने घर पर था। इसी दौरान बाहर शोरगुल सुनाई दिया। घर से बाहर निकलकर देखा तो आरोप है कि करीब एक दर्जन लोग एकजुट होकर उसके भाई भानू प्रताप शर्मा, भाभी नूतन शर्मा और नीतेश शर्मा के साथ मारपीट कर रहे थे। विपिन शर्मा का आरोप है कि हमलावरों के हाथों में लाठी, डंडे, सरिया और धारदार हथियार थे। उसने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो एक युवक ने कथित तौर पर तमंचे से उसकी ओर फायर कर दिया। आरोप है कि इसी दौरान शिवम नाम के युवक ने पुलिस का भय नहीं होने की बात कही। पीड़ित के मुताबिक, आरोपियों ने उसे पकड़ लिया और उसके सामने भानू प्रताप शर्मा, नूतन शर्मा और नीतेश शर्मा के साथ मारपीट जारी रखी। आरोप है कि धारदार हथियार से किए गए हमले में भानू प्रताप शर्मा और नीतेश शर्मा के सिर में कई चोटें आईं। इसके बाद आरोपी गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। घटना के संबंध में पीड़ित पक्ष ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस द्वारा मामले की जांच और आरोपों की पुष्टि की जा रही है। घटना में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है।

INPUT – VIRENDRA SHARMA