Visitors have accessed this post 117 times.
हाथरस जिले के मुरसान क्षेत्र में शनिवार दोपहर ट्रैक्टर पलटने से 35 वर्षीय किसान की मौत हो गई। हादसा गांव रतमान गढ़ी के निकट बंबा की पटरी पर हुआ। ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पटरी से नीचे खाई में जा गिरा, जिससे चालक उसके नीचे दब गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने युवक को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान योगेंद्र कुमार पुत्र बनवारी लाल निवासी गांव बमनई के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, योगेंद्र खेती-किसानी के साथ-साथ दूसरों के ट्रैक्टर चलाने का काम भी करते थे। शनिवार दोपहर करीब एक बजे वह हैरो जुड़े ट्रैक्टर को लेकर अपने गांव बमनई लौट रहे थे। इसी दौरान रतमान गढ़ी के पास बंबा की पटरी पर अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और खाई में पलट गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों की मदद से योगेंद्र को ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकाला गया और मुरसान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। योगेंद्र की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों के मुताबिक, उनके परिवार में पत्नी पिंकी और आठ वर्षीय बेटा है। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे की जांच की जा रही है।

INPUT – VIRENDRA SHARMA











