Visitors have accessed this post 18 times.
हाथरस : बाल-विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने और लोगों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक्सीलेंट सिविल एकेडमी ट्रस्ट की ओर से चलाए जा रहे ‘बाल-विवाह मुक्त भारत अभियान’ के तहत हाथरस में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्थानीय किला गेट स्थित श्रीमती ओमवती देवी इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और नागरिकों ने बाल-विवाह के खिलाफ आवाज उठाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व पालिका अध्यक्ष पं. आशीष शर्मा उपस्थित रहे। उन्होंने छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और उपस्थित नागरिकों को बाल-विवाह का विरोध करने तथा समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई। पं. आशीष शर्मा ने कहा कि बाल-विवाह बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने आसपास बाल-विवाह की जानकारी मिलने पर उसका विरोध करें और संबंधित प्रशासन को इसकी सूचना दें।

इस अवसर पर एक्सीलेंट सिविल एकेडमी ट्रस्ट के डायरेक्टर डोरीलाल लाल ने कहा कि ट्रस्ट का उद्देश्य पूरे जनपद में बाल-विवाह के खिलाफ जागरूकता फैलाना है। उन्होंने बताया कि अभियान को गांव, कस्बों और शिक्षण संस्थानों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और स्थानीय गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने बाल-विवाह जैसी कुप्रथा के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने और अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।

INPUT – AMIT SHARMA










