Visitors have accessed this post 13 times.

हाथरस : 22 सितंबर 2026 को यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर मंगलवार को विरोध प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय–हाथरस के समक्ष क्षेत्रीय कार्यालय, अलीगढ़ रोड शाखा और सेवा शाखा के कार्मिकों ने काला बैज धारण कर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज उठाई। प्रदर्शन के दौरान बैंक कार्मिकों ने पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने, Performance Linked Incentive (PLI) में समानता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने सहित बैंक कर्मचारियों एवं अधिकारियों से जुड़ी अन्य लंबित मांगों के शीघ्र समाधान की मांग की। 28 से 30 सितंबर तक राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल UFBU ने 28, 29 और 30 सितंबर 2026 को तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल का आह्वान किया है। बैंक कार्मिकों ने इस हड़ताल को सफल बनाने के लिए एकजुटता के साथ भाग लेने का संकल्प लिया। पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था को लेकर बैंक यूनियनों का कहना है कि 12वें द्विपक्षीय समझौते और 9वें संयुक्त नोट के तहत सोमवार से शुक्रवार तक कार्य दिवसों में आवश्यक अतिरिक्त कार्य समय को समायोजित करते हुए पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने का प्रस्ताव सरकार के अनुमोदन के लिए भेजा गया था, लेकिन अभी तक इस पर अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। PLI में समानता की मांग बैंक कार्मिकों ने Performance Linked Incentive यानी PLI की मौजूदा व्यवस्था में समानता और पारदर्शिता की मांग भी उठाई। UFBU की ओर से कर्मचारियों और विभिन्न श्रेणियों के अधिकारियों के बीच प्रोत्साहन के आधार में अंतर पर आपत्ति जताई गई है। संगठन बैंक के समग्र प्रदर्शन से जुड़े समान आधार वाली व्यवस्था की मांग कर रहा है। प्रदर्शन के दौरान बैंक कर्मचारियों ने कहा कि बैंकिंग व्यवस्था देश की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है और बैंक कर्मचारी लगातार ग्राहकों को सेवाएं प्रदान करते हैं। ऐसे में कर्मचारियों और अधिकारियों से संबंधित लंबित मांगों का न्यायसंगत एवं शीघ्र समाधान किया जाना आवश्यक है। अनिश्चितकालीन हड़ताल का भी ऐलान UFBU की घोषित आंदोलन की समय-सारिणी के अनुसार 28 से 30 सितंबर की तीन दिवसीय हड़ताल के बाद 26 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल का आह्वान भी किया गया है, यदि लंबित मांगों का समाधान नहीं होता है। प्रदर्शन के दौरान बैंक कार्मिकों ने “पांच दिवसीय बैंकिंग लागू करो”, “PLI में समानता सुनिश्चित करो” और “बैंक कर्मचारियों की लंबित मांगों का समाधान करो” जैसे नारे लगाए। कार्मिकों ने संगठन के आह्वान पर आगामी आंदोलन में एकजुटता और अनुशासन के साथ भाग लेने की प्रतिबद्धता जताई।

INPUT – AMIT SHARMA