breaking 1

Visitors have accessed this post 5 times.

हाथरस : यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) की ओर से 28, 29 और 30 सितंबर 2026 को प्रस्तावित तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। यह फैसला 27 सितंबर की रात भारतीय बैंक संघ (IBA) और UFBU के बीच हुई बातचीत के बाद लिया गया। UFBU में बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों के सात प्रमुख संगठन AIBEA, AIBOC, NCBE, AIBOA, BEFI, INBEF और INBOC शामिल हैं। बैंक यूनियनों की प्रमुख मांगों में सभी शनिवारों की छुट्टी के साथ पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करना शामिल है। यह मांग लंबे समय से विचाराधीन है। पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था बनी प्रमुख मांग UFBU का कहना रहा है कि पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू होने का अर्थ बैंकिंग सेवाओं में कमी करना नहीं है। यूनियनों के अनुसार, कार्यदिवसों के समय में आवश्यक समायोजन कर ग्राहकों को मौजूदा व्यवस्था के अनुरूप सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं। वर्तमान व्यवस्था में बैंकों में आम तौर पर महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को अवकाश रहता है, जबकि अन्य शनिवार कार्य दिवस होते हैं। बैंक यूनियनें सभी शनिवारों को अवकाश घोषित करने की मांग कर रही हैं। IBA और UFBU के बीच बनी आगे बातचीत की सहमति 27 सितंबर की बैठक के बाद पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था समेत अन्य लंबित मुद्दों पर आगे बातचीत के लिए IBA और UFBU के प्रतिनिधियों की उच्चस्तरीय समिति बनाए जाने की जानकारी सामने आई है। समिति सभी संबंधित पक्षों से चर्चा कर समाधान की दिशा में काम करेगी और बैंक ग्राहकों के हितों को भी ध्यान में रखा जाएगा। UFBU की ओर से PLI व्यवस्था से जुड़े मुद्दों, पेंशन, चिकित्सा सुविधाओं और अन्य सेवा संबंधी विषयों को भी उठाया गया है। ताजा बातचीत के बाद PLI योजना को लेकर भी आगे चर्चा किए जाने की बात सामने आई है। अब 28 से 30 सितंबर को सामान्य बैंकिंग हड़ताल स्थगित होने के बाद 28, 29 और 30 सितंबर को प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल फिलहाल नहीं होगी और बैंकों के सामान्य रूप से संचालित होने की उम्मीद है। इस घटनाक्रम से बैंक ग्राहकों को बड़ी राहत मिली है। हालांकि, पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था और अन्य लंबित मांगों पर अंतिम निर्णय अभी आगे होने वाली चर्चाओं पर निर्भर करेगा। फिलहाल UFBU और IBA के बीच बातचीत के जरिए इन मुद्दों का समाधान तलाशने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

INPUT – AMIT SHARMA