Visitors have accessed this post 108 times.
जनपद हाथरस में एसओजी (SOG) और थाना सादाबाद पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ग्राम विकास अधिकारी (VDO) भर्ती परीक्षा में नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जी नियुक्ति पत्र देकर ठगी करने वाले 25,000 रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। इस हाई-प्रोफाइल ठगी के मामले में पुलिस पहले ही दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
दिनांक 26 जुलाई 2025 को धर्मेन्द्र सिंह (पुत्र सत्यदेव, निवासी नगला देवा, पोस्ट बेदई, थाना सादाबाद) ने पुलिस में सूचना दर्ज कराई थी कि उसने और उसके चार साथियों ने वर्ष 2018 में VDO की परीक्षा के लिए आवेदन किया था।
अभियुक्तों ने खुद को सचिवालय और उत्तर प्रदेश सहायक विकास अधिकार का चेयरमैन व स्टेनो बताकर परीक्षा से पहले सिक्योरिटी के रूप में प्रति व्यक्ति 20 लाख रुपये जमा करने की मांग की थी। वादी और उसके साथियों ने कुल मिलाकर यह रकम दे दी थी। परिणाम आने के बाद जब उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे, तो अभियुक्तों ने 5 जनवरी 2024 को धर्मेन्द्र कुमार को एक फर्जी और कूटरचित (Fake) नियुक्ति पत्र थमा दिया। जब इसकी सत्यता की जांच की गई, तो यह पूरी तरह फर्जी निकला। इस पर थाना सादाबाद में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया था।
पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई और गिरफ्तारी
पुलिस अधीक्षक हाथरस, श्री चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी सादाबाद के कुशल नेतृत्व में फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस मामले में पुलिस इससे पहले अभियुक्त मनोज कुमार को 31 मार्च 2026 को और ज्वालाप्रसाद (पुत्र सत्यप्रकाश) को 22 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
मुख्य आरोपी गजेन्द्र कुमार की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक हाथरस द्वारा 25,000/- रुपये का इनाम घोषित किया गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए SOG, सर्विलांस और थाना पुलिस की कुल 07 टीमों का गठन किया गया था ।मुखबिर की सटीक सूचना पर आज दिनांक 12.10.2026 को SOG टीम व थाना सादाबाद पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए इनामी अभियुक्त गजेन्द्र कुमार पुत्र भाव सिंह (निवासी: ग्राम रिठौरा, थाना कागरोल, जनपद आगरा) को ग्राम बरोस के पास (सादाबाद मार्ग) से धर दबोचा। पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।पंजीकृत अभियोग मु0अ0सं0 358/25, धारा 420, 467, 468, 471, 120B भादवि, थाना सादाबाद,
एसओजी प्रभारी श्री धीरज गौतम मय एसओजी टीम, प्रभारी निरीक्षक श्री विजय सिंह मय टीम, थाना सादाबाद
INPUT – KANHAIYA LAL











