Visitors have accessed this post 9 times.

हाथरस जनपद में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने और व्यापारियों एवं उद्यमियों की समस्याओं के प्रभावी समाधान के उद्देश्य से शनिवार को पुलिस लाइन स्थित ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय उद्योग बंधु एवं व्यापार मंडल समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी ने की। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को उद्यमियों की समस्याओं का सर्वोच्च प्राथमिकता पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि उद्योग बंधु समिति उद्यमियों और जिला प्रशासन के बीच संवाद स्थापित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसके माध्यम से उद्यमियों की समस्याओं को समझकर उनका प्रभावी समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उद्यमियों के प्रति सकारात्मक एवं संवेदनशील रवैया अपनाते हुए सभी प्रकरणों का निर्धारित समयसीमा में निस्तारण किया जाए। औद्योगिक निवेश से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में जनपद में प्रस्तावित एवं प्रगतिरत औद्योगिक निवेश की समीक्षा के साथ शासन की विभिन्न औद्योगिक योजनाओं के अंतर्गत उद्यमियों को मिलने वाले अनुदान एवं ऋण का लाभ समय से उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।

इन प्रमुख समस्याओं पर हुई चर्चा

बैठक में जिला उद्योग केंद्र को वाटर वर्क्स, हाथरस में स्थापित करने के लिए 3,000 वर्ग मीटर भूमि आवंटन, मंडी पोर्टल पर दाल प्रसंस्करण इकाइयों के विरुद्ध प्रदर्शित कथित अवैध कर देयता, ट्रांसपोर्ट नगर की स्थापना, अलीगढ़ रोड स्थित नाले की सफाई तथा मिनी औद्योगिक क्षेत्र सलेमपुर के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन को शिफ्ट करने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए गए। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को इन समस्याओं के संबंध में स्थलीय निरीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि आवश्यक कार्रवाई करते हुए समस्याओं का शीघ्र समाधान कराया जा सके।

औद्योगिक योजनाओं और निवेश मित्र पोर्टल की भी समीक्षा

बैठक के दौरान उपायुक्त उद्योग ने मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद वित्तपोषण योजना और मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की प्रगति से अवगत कराया। इसके अलावा निवेश मित्र पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों के निस्तारण और औद्योगिक इकाइयों से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। सरदार वल्लभभाई पटेल कौशल प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना के लिए भूमि की उपलब्धता के संबंध में भी जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी लंबित आवेदनों का निर्धारित समयसीमा में निस्तारण किया जाए, जिससे उद्यमियों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर SP ने दिया भरोसा

बैठक में पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों एवं व्यापारियों को सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन व्यापारियों की समस्याओं के समाधान और उनकी सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है। उन्होंने व्यापारियों से शहर को सुरक्षित एवं बेहतर बनाने के लिए पुलिस और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित, जिला विकास अधिकारी पीएन यादव, अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाह, उप जिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी पुलिस, उपायुक्त उद्योग, उपायुक्त जीएसटी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं, व्यापारिक संगठनों की ओर से सुरेश चंद्र अग्रवाल, देवेंद्र मोहता, बांके बिहारी अग्रवाल, नितिन अग्रवाल, शरद अग्रवाल, पराग गर्ग, प्रदीप बंसल, कन्हैया शर्मा, राकेश बंसल, रिंग वाली, अनिल अग्रवाल रंग वाले सहित अन्य व्यापारी प्रतिनिधियों ने बैठक में प्रतिभाग किया और अपनी समस्याओं एवं सुझावों को प्रशासन के समक्ष रखा। बैठक का मुख्य उद्देश्य जनपद में औद्योगिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करना, निवेश की संभावनाओं को बढ़ाना तथा व्यापारियों एवं उद्यमियों के सामने आने वाली समस्याओं का विभागीय समन्वय से समाधान सुनिश्चित करना रहा।

INPUT – BUREAU REPORT