Visitors have accessed this post 14 times.

पुरदिलनगर : सरस्वती विद्या मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पुरदिलनगर में शनिवार, 31 अक्टूबर 2026 को अभिभावक सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं वंदना के साथ हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के उपाध्यक्ष श्री चोब सिंह वर्मा ने की तथा मुख्य वक्ता के रूप में पंडित श्री मदन गोपाल रावत, सदस्य, जन शिक्षा समिति, ब्रज प्रदेश उपस्थित रहे। मुख्य वक्ता श्री मदन गोपाल रावत ने अपने उद्बोधन में कहा कि बालक की प्रथम गुरु उसकी माँ होती है, इसलिए बच्चे के व्यक्तित्व एवं संस्कारों के निर्माण में माँ की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने अभिभावक, आचार्य एवं छात्र की तुलना तीन पैरों वाली तिपाई से करते हुए कहा कि जिस प्रकार एक पैर कमजोर या खराब होने पर तिपाई का संतुलन बिगड़ जाता है, उसी प्रकार इन तीनों में से किसी एक की भूमिका कमजोर होने पर बच्चे का सर्वांगीण विकास प्रभावित होता है। प्रधानाचार्य श्री हरीशंकर शर्मा ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए बच्चों की शिक्षा, संस्कार, अनुशासन, स्वच्छता एवं सर्वांगीण विकास में उनकी सक्रिय भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों को प्रतिदिन स्नान कराकर स्वच्छ एवं निर्धारित गणवेश में समय से विद्यालय भेजें। साथ ही गृहकार्य डायरी की नियमित जाँच करें, गृहकार्य पूर्ण कराएँ तथा समय-सारणी के अनुसार आवश्यक पुस्तकें एवं शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराएँ। सम्मेलन में बच्चों के मोबाइल एवं टीवी के सीमित प्रयोग, सात्विक एवं पौष्टिक भोजन, अच्छे संस्कार, बड़ों के सम्मान तथा घर का वातावरण सौम्य एवं संस्कारमय बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया। इसके साथ ही अभिभावकों को विद्यालय में आयोजित अभिभावक-शिक्षक बैठकों (PTM) में नियमित सहभागिता करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का संचालन आचार्य श्री राजन सिंह ने किया। श्री राकेश कुमार ने अभिभावकों के सुझाव एवं शिकायतें दर्ज कीं। विद्यालय के प्रबंधक श्री राजेश कुमार चैचाणी ने अभिभावकों को आश्वस्त किया कि प्राप्त सुझावों एवं शिकायतों का उचित समाधान किया जाएगा तथा विद्यालय के विकास के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएँगे। वक्ताओं ने कहा कि बच्चों का उज्ज्वल भविष्य विद्यालय एवं अभिभावकों के आपसी सहयोग, समन्वय और सकारात्मक प्रयासों से ही संभव है। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य अभिभावकों एवं विद्यालय के बीच बेहतर तालमेल स्थापित कर विद्यार्थियों के शैक्षिक, नैतिक एवं आध्यात्मिक विकास को गति प्रदान करना रहा। कार्यक्रम के अंत में अध्यक्ष श्री चोब सिंह वर्मा ने ऐसे आयोजनों में सभी अभिभावकों से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया तथा सम्मेलन में पधारे समस्त अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

INPUT – PUSHPAKANT SHARMA