Visitors have accessed this post 15 times.
सिकंदराराऊ : स्वास्थ्य विभाग ने अवैध रूप से चिकित्सा सेवाएं संचालित करने वाले अस्पतालों और डायग्नोस्टिक सेंटरों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में 16 नवंबर को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) एवं डिप्टी सीएमओ डॉ. प्रवीण भारती ने सिकंदराराऊ के ईदगाह रोड स्थित राज नर्सिंग होम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर और प्रसव कक्ष को सील कर दिया। जानकारी के अनुसार, राज नर्सिंग होम स्वास्थ्य विभाग में पंजीकृत है, लेकिन उसे ऑपरेशन करने और प्रसव कराने की अनुमति प्राप्त नहीं है। इसके बावजूद निरीक्षण के दौरान अस्पताल में दो महिलाएं भर्ती मिलीं। इनमें से एक महिला का ऑपरेशन के माध्यम से प्रसव कराया गया था, जबकि दूसरी महिला के गर्भाशय का ऑपरेशन किया गया था। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम को भर्ती महिलाओं से संबंधित आवश्यक चिकित्सकीय पत्रावलियां उपलब्ध नहीं कराई गईं। इसके अलावा, जिन चिकित्सक द्वारा ऑपरेशन किए जाने की जानकारी सामने आई, उनका मोबाइल नंबर भी अस्पताल संचालक की ओर से टीम को उपलब्ध नहीं कराया गया। इन परिस्थितियों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों ने मौके पर ही अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर और प्रसव कक्ष को सील करने की कार्रवाई की।
हाथरस शहर में अपंजीकृत डायग्नोस्टिक सेंटर सील

स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई का दायरा सिकंदराराऊ तक ही सीमित नहीं रहा। हाथरस शहर में डॉ. एम.आई. आलम द्वारा संचालित टीम ने अपंजीकृत रूप से चल रहे डॉ. RI मेमोरियल डायग्नोस्टिक सेंटर का निरीक्षण कर उसे सील कर दिया। वहीं, माधव पैथोलॉजी पर कार्रवाई के लिए पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम को देखकर संचालक मौके से चला गया। इस पर अधिकारियों ने दोबारा टीम भेजकर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही है।
स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई से संचालकों में हड़कंप
जनपद में स्वास्थ्य विभाग की लगातार हो रही कार्रवाई से निजी अस्पतालों, पैथोलॉजी और डायग्नोस्टिक सेंटर संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य बिना आवश्यक पंजीकरण और निर्धारित अनुमति के चिकित्सा सेवाएं संचालित करने वाले संस्थानों पर रोक लगाना तथा मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। अब देखना होगा कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से इन मामलों में आगे क्या कार्रवाई की जाती है।

INPUT – BUREAU REPORT











