Visitors have accessed this post 1 time.
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक गौरव से जुड़े एक नए निर्माण का लोकार्पण किया गया। सुरेंद्र नगर स्थित इन्द्रप्रस्थ कॉलोनी में कोल विधायक अनिल पाराशर की विधायक निधि से निर्मित ‘प्रभु श्रीराम कृपा निवास द्वार’ का शनिवार को अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह के उपराज्यपाल एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने फीता काटकर उद्घाटन किया। इस अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हरिकांत जी महाराज ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न कराई। लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. दिनेश शर्मा ने अलीगढ़ की जनता और भाजपा कार्यकर्ताओं की एकजुटता, आपसी समन्वय एवं संगठनात्मक मजबूती की सराहना की। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के बीच सहयोग और मिलजुलकर काम करने की भावना संगठन को मजबूती प्रदान करती है। सभी को इसी भावना के साथ समाज और क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।

इस दौरान कोल विधायक अनिल पाराशर ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का विकास, जनसुविधाओं का विस्तार और सांस्कृतिक एवं धार्मिक आस्था से जुड़े कार्य उनकी प्राथमिकताओं में शामिल हैं। ‘प्रभु श्रीराम कृपा निवास द्वार’ क्षेत्र की धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक पहचान और गौरव का प्रतीक बनेगा।

कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला महामंत्री निखिल माहेश्वरी ने किया। समारोह में पूर्व मंत्री एवं बरौली विधायक जयवीर सिंह, एमएलसी डॉ. मानवेन्द्र प्रताप सिंह ‘गुरुजी’, एमएलसी ऋषिपाल सिंह, विधायक ठाकुर रवेन्द्रपाल सिंह, विधायक मुक्ता राजा, महापौर प्रशांत सिंघल, पूर्व विधायक रामसखी कठेरिया, भाजपा नेता राजीव अग्रवाल और जिला उपाध्यक्ष विजय विक्रम सिंह सहित भाजपा के विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष, पार्षदगण, स्थानीय गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

INPUT – MOHIT UPADHYAY











