Visitors have accessed this post 46 times.
हाथरस जनपद के हसायन क्षेत्र स्थित नगला रति रेलवे स्टेशन के रेलवे फाटक संख्या 288 पर तैनात एक कर्मचारी पर बाइक सवार युवक से 3 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेने का आरोप लगा है। कर्मचारी द्वारा रुपये लेते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद रेलवे विभाग में हड़कंप मच गया है और मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। जानकारी के अनुसार, हसायन-नगला रति मार्ग पर स्थित रेलवे फाटक संख्या 288 पर एक युवक बंद फाटक के नीचे से अपनी बाइक निकालने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान फाटक पर तैनात रेलवे कर्मचारी ने उसे पकड़ लिया। आरोप है कि युवक को छोड़ने के बदले कर्मचारी ने उससे 3 हजार रुपये की मांग की। बताया जा रहा है कि बाइक सवार युवक ने कथित रूप से रुपये देते समय कर्मचारी का वीडियो बना लिया। इसके बाद उसने इस वीडियो को सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर वायरल कर दिया। वायरल वीडियो में कर्मचारी के रुपये लेते हुए दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद रेलवे विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। वहीं, इस मामले को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। फिलहाल वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि और रेलवे विभाग की ओर से की गई कार्रवाई के संबंध में स्थिति स्पष्ट होना बाकी है। मामले में विभागीय जांच और संबंधित कर्मचारी का पक्ष सामने आने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।
INPUT – YATENDRA PRATAP











