Visitors have accessed this post 28 times.

हाथरस जिले में स्वास्थ्य विभाग एवं प्रशासन की टीम ने 28 नवंबर को शिकायत की जांच के दौरान रोहिणी स्थित कृष्णा हॉस्पिटल को सील कर दिया। अस्पताल के संबंध में श्रीमती ममता द्वारा शिकायत की गई थी। अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो अस्पताल में कई गंभीर खामियां सामने आईं। जांच के दौरान अस्पताल संचालक टीम के सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। अस्पताल के रजिस्ट्रेशन में दर्ज चिकित्सक नवीन सोलंकी मौके पर मौजूद नहीं मिले। इसके अलावा अस्पताल में बायोमेडिकल वेस्ट का निस्तारण उचित तरीके से नहीं किया जा रहा था। ऑपरेशन थिएटर में जगह-जगह गंदगी मिली। वहीं, फायर सेफ्टी उपकरण काम नहीं कर रहे थे और विद्युत व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं पाई गई। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में कोई भी डॉक्टर उपस्थित नहीं मिला। अस्पताल संचालक ने टीम को बताया कि चिकित्सक नवीन सोलंकी मथुरा से आते हैं, जबकि एक अन्य डॉक्टर अलीगढ़ से आते हैं, जिनके द्वारा अस्पताल में डिलीवरी एवं ऑपरेशन कराए जाते हैं। हालांकि, संचालक दूसरे डॉक्टर का नाम भी नहीं बता सके। जांच के दौरान मिली इन खामियों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासनिक टीम ने कृष्णा हॉस्पिटल को सील करने की कार्रवाई की।

INPUT – BUREAU REPORT