Visitors have accessed this post 1003 times.

सहपऊ कस्बे के धर्मशाला चौराहा स्थित सीताराम गार्डन में देर रात गमगीन माहौल में शादी की रस्में हुईं। दूल्हे के तयेरे भाई की मौत के कारण खुशियां मातम में बदल गईं। बराती रास्ते से ही वापस लौट गए। बाद में परिवार के चुनिंदा लोगों ने रस्म अदायगी की।
सहपऊ के गांव सेदरिया निवासी रमेशचंद्र की बेटी रिंकल की शादी आगरा के कमला नगर निवासी हाकिंम सिंह के बेटे आदेश के साथ तय हुई थी। शादी समारोह चल रहा था। लड़का व उसके परिवार वाले आ चुके थे। बाकी बरातियों का इंतजार किया जा रहा था। तभी बुरी खबर आ गई। काफी समय से बीमार चल रहे दूल्हे के तयेरे भाई की आगरा अपने घर में मौत हो गई। यह खबर मिलते ही लड़के वालों के पैरों तले जमीन खिसक गई। माहौल गमगीन हो गया। बराती बीच रास्ते से ही वापस लौट गए। वहीं शादी में मौजूद लोग भी आगरा रवाना हो गए। देर रात दूल्हा व उनके कुछ करीबियों ने शादी की सभी रस्म पूरी कराईं। इसके बाद दूल्हा व बाकी लोग भी घर चले गए। बाद में लड़की वाले लड़की को लेकर उसकी ससुराल पहुंचे तथा गमगीन परिवार को ढांढस बंधाया।

INPUT – Akhilesh kumar