Visitors have accessed this post 16 times.
सिकंदराराऊ के एसबीएस हायर सेकेंडरी स्कूल में यूपी बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूल के प्रबंधक मुनेश चतुर्वेदी गुरु जी ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर विद्यालय के टॉप टेन में शामिल विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय के डायरेक्टर मित्रेश चतुर्वेदी ने कहा कि इस वर्ष यूपी बोर्ड परीक्षा का परिणाम बेहद संतोषजनक रहा है। विद्यार्थियों ने अच्छे अंक प्राप्त कर विद्यालय और अपने परिवार का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास बेहद आवश्यक हैं। मेहनत के बल पर ही व्यक्ति अपने लक्ष्य तक पहुंच सकता है। प्रधानाचार्य विनय चतुर्वेदी ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि बोर्ड परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को अपने भविष्य के लिए बड़े लक्ष्य निर्धारित करने चाहिए। वहीं छोटी कक्षाओं के विद्यार्थियों को उनसे प्रेरणा लेकर लगन और मेहनत के साथ पढ़ाई करनी चाहिए, ताकि वे भविष्य में अपने विद्यालय, जिले और प्रदेश का नाम रोशन कर सकें। सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों में ज्योति, वैष्णवी, पूनम कुमारी, समीक्षा, गुड़िया, भूमिका धनगर, गुनगुन, खुशबू कुमारी, अंशी, तुलसी भारद्वाज, योजना कुमारी, कामिनी, पूनम भारती, कृष्णा, जीतू यादव, सारथी, अभिषेक भारद्वाज, कन्हैया और यश कुमार सहित कई छात्र-छात्राएं शामिल रहीं। इस अवसर पर विद्यालय परिवार के शिक्षक, अभिभावक और गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

INPUT – NEERAJ GUPTA










