Visitors have accessed this post 22 times.
हाथरस। हसायन ब्लॉक के ग्राम कटई में फूड प्वाइजनिंग का मामला सामने आया है, जहां एक ही परिवार के 8 सदस्य अचानक बीमार हो गए। सभी को दस्त और पेट दर्द की शिकायत होने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सिकंदराराऊ में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, 26 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 9 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सिकंदराराऊ के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को फोन पर सूचना दी कि ग्राम कटई में एक ही परिवार के कई सदस्य डायरिया से पीड़ित हो गए हैं। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
स्वास्थ्य विभाग की टीम में डॉ. पवन कुमार (एपिडेमियोलॉजिस्ट) समेत अन्य अधिकारी शामिल रहे। वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र हसायन की टीम डॉ. उपेन्द्र कुमार के निर्देशन में मरीजों का इलाज करती रही।
प्रभावित परिवार के सदस्यों ने बताया कि 25 अप्रैल की सुबह घर में चावल और लौकी की सब्जी बनाई गई थी, जिसे परिवार के सभी सदस्यों ने खाया। बचा हुआ भोजन रात में दोबारा खाने के बाद करीब एक घंटे के भीतर रात 10 बजे से पेट दर्द और दस्त की शिकायत शुरू हो गई। 
हालत बिगड़ने पर सभी मरीजों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सिकंदराराऊ लाया गया, जहां इमरजेंसी में तैनात डॉक्टरों ने भर्ती कर इलाज शुरू किया। अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर मरीजों से बातचीत की, जिसमें सभी ने स्वास्थ्य में सुधार होने की बात कही।
प्राथमिक जांच में मामला फूड प्वाइजनिंग का प्रतीत हो रहा है। गांव में सर्वे के दौरान प्रभावित परिवार के अलावा अन्य घरों में कोई गंभीर बीमारी नहीं मिली।
गांव में लगाए गए चिकित्सकीय कैंप में कुल 38 मरीजों का उपचार किया गया। इनमें 6 बुखार, 6 खुजली, 7 सर्दी-जुकाम, 2 पेट दर्द तथा अन्य मरीज जोड़ों के दर्द और आंखों के संक्रमण से पीड़ित पाए गए।









