Visitors have accessed this post 6 times.

हाथरस के नयाबांस स्थित 1008 श्री चंद्र प्रभु दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र मंदिर में आयोजित दो दिवसीय बिम्ब बिराजमान स्थापना महामहोत्सव एवं श्री पंच कल्याणक महामंडल विधान के प्रथम दिन श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में महिला और पुरुष श्रद्धालुओं ने भक्ति गीतों पर नृत्य कर धार्मिक वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम का आयोजन नयाबांस प्रबंध समिति के तत्वावधान में बाल ब्रह्मचारी प्रतिष्ठाचार्य राकेश भैया के सानिध्य में किया गया। इस दौरान 121 ऋद्धि मंत्रों के अर्घ समर्पित किए गए। शांति धारा की बोली जितेंद्र जैन रेडीमेड और अभिषेक जैन ने ली।
प्रतिष्ठाचार्य राकेश भैया जी ने कहा कि नयाबांस में 19 वर्षों बाद इतना भव्य महामहोत्सव आयोजित किया जा रहा है, जिसे कमेटी अध्यक्ष उमाशंकर जैन के नेतृत्व में संपन्न कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पंच कल्याणक विधान की अपनी विशेष महिमा है और इसमें शामिल होने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को शुद्धता एवं अनुशासन का विशेष ध्यान रखना चाहिए।
उन्होंने महिलाओं से मंदिर में प्रवेश के समय सादगी बनाए रखने और धार्मिक मर्यादाओं का पालन करने का आग्रह किया। साथ ही मंदिरों में पुजारियों की घटती संख्या पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रबंध समितियों से इस विषय पर गंभीरता से विचार करने की अपील की।
कार्यक्रम में बताया गया कि मंदिर के मूल नायक भगवान चंद्र प्रभु की प्रतिमा अत्यंत चमत्कारी मानी जाती है। 27 मई को प्रातः 6:30 बजे सोने के कलश से भगवान चंद्र प्रभु का महामस्तकाभिषेक किया जाएगा, जिसके बाद 108 कलशों से विशेष अभिषेक संपन्न होगा।
महामहोत्सव का शुभारंभ आचार्य विद्यासागर जी महाराज के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों एवं बोलियों में समाज के श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। दृढ़ मति महिला मंडल अध्यक्ष मंजू जैन सोगानी द्वारा मंदिर सामग्री का दान भी किया गया।
इस अवसर पर उमाशंकर जैन, यतीश जैन, हिमांशु जैन, धीरज जैन, पंकज जैन अमीन, अभिषेक जैन, नीरज जैन, सुदीप जैन अमीन, इंजीनियर पी.के. जैन, उमेश चंद जैन, राजकुमार जैन लोहिया, सुधीर जैन ज्वेलर्स सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।

INPUT – AMIT SHARMA