Visitors have accessed this post 10 times.
हाथरस। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पर्यावरण सुरक्षा संस्थान के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भवतोष मिश्र के नेतृत्व में नगर पालिका मार्केट स्थित एकता मेडिकल स्टोर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान पौधों से युक्त गमलों में रक्षा सूत्र बांधकर वृक्षों की रक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया। साथ ही लोगों को तुलसी के पौधे एवं कपड़े के थैले वितरित किए गए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष दाऊदयाल शर्मा ने की। इस अवसर पर आयोजित गोष्ठी को संबोधित करते हुए पर्यावरणविद् भवतोष मिश्र ने कहा कि सनातन संस्कृति सदैव पर्यावरण संरक्षण का संदेश देती रही है। भारतीय परंपरा में आंवला, पीपल, तुलसी, केला जैसे वृक्षों की पूजा की जाती है, वहीं गंगा-यमुना नदियों, पृथ्वी एवं गाय को मां का दर्जा दिया गया है तथा जल, सूर्य और चंद्रमा को देवतुल्य माना गया है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को जीवन के लिए ऑक्सीजन की आवश्यकता होती है, इसलिए प्राणवायु प्रदान करने वाले वृक्षों के संरक्षण और अधिकाधिक वृक्षारोपण के लिए सभी को आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी केवल सरकार की नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का भी कर्तव्य है कि वह वृक्षों को बचाने, जल संरक्षण करने और पर्यावरण को स्वच्छ रखने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाए।
भवतोष मिश्र ने पॉलीथिन का बहिष्कार कर कपड़े के थैले अपनाने का आह्वान किया तथा लोगों से पर्यावरण हितैषी जीवनशैली अपनाने की अपील की।
कार्यक्रम में प्रमुख समाजसेवी एवं व्यापारी नेता संदीप दीपक, व्यापारी नेता हरि मोहन शर्मा गुरुजी, दीप इंटर कॉलेज मैंडू के डायरेक्टर देवेंद्र आर्य, मनीष पचौरी, मोहन शर्मा, नरेंद्र तिवारी शीलू, संतोष चौहान, रविकांत पाठक, संजय शर्मा, अंकित अग्रवाल, समीर, ओमवीर सिंह एवं वैभव सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।









