Visitors have accessed this post 22 times.

जनसामान्य की सुरक्षा और अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने के उद्देश्य से आबकारी विभाग ने “यूपी एक्साइज सिटिजन” मोबाइल ऐप लॉन्च किया है। जिला आबकारी अधिकारी कृष्ण मोहन ने लोगों से इस सरकारी ऐप का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि उपभोक्ता इस ऐप के माध्यम से शराब की बोतल पर लगे क्यूआर कोड को स्कैन कर उसकी प्रामाणिकता की जांच कर सकते हैं। स्कैन करने पर शराब के ब्रांड, कीमत, बैच नंबर, उत्पादन तिथि सहित अन्य महत्वपूर्ण जानकारी आसानी से प्राप्त की जा सकती है। इससे नकली और अवैध शराब की पहचान करने में मदद मिलेगी तथा उपभोक्ताओं को सुरक्षित उत्पाद उपलब्ध हो सकेंगे। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि यदि किसी शराब की दुकान पर निर्धारित एमआरपी से अधिक कीमत वसूली जाती है तो उपभोक्ता ऐप के जरिए सीधे शिकायत दर्ज करा सकते हैं। विभाग द्वारा शिकायतों के त्वरित निस्तारण की व्यवस्था भी की गई है। इसके अलावा आबकारी विभाग ने अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री की सूचना देने के लिए टोल फ्री नंबर 14405 तथा व्हाट्सएप नंबर 9454466019 जारी किया है। विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब संबंधी किसी भी गतिविधि की जानकारी इन माध्यमों से साझा करें, ताकि जनहित में प्रभावी कार्रवाई की जा सके। यह ऐप गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है और उपभोक्ताओं को पारदर्शी एवं सुरक्षित खरीदारी का अनुभव प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

INPUT – RAHUL SHARMA