Visitors have accessed this post 67 times.

हाथरस, 8 जून: मुख्य चिकित्साधिकारी (CMO) डॉ. वेद प्रकाश ने सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (CHC) सादाबाद का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कई कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए, जिस पर CMO ने सख्त कार्रवाई करते हुए संबंधित कर्मचारियों के 8 जून के वेतन आहरण पर रोक लगाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डॉ. वेद प्रकाश ने विभिन्न विभागों और कक्षों का भ्रमण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता की समीक्षा की। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आरबीएसके (राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम) टीम के कार्यों का मूल्यांकन किया, जो संतोषजनक पाया गया। इसके अलावा डेंटल कक्ष, काउंसलिंग कक्ष, एनबीएसयू तथा बीपीएचयू यूनिट की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान स्टाफ नर्स भावना वर्मा, कविता दीक्षित, बीएएम मानव शर्मा, एनेस्थेटिक विशेषज्ञ डॉ. गौरव प्रताप, चिकित्साधिकारी डॉ. सुरभि चौधरी तथा ऑप्टोमेट्रिस्ट रविन्द्र बिना सूचना के अनुपस्थित मिले। इस पर CMO ने संबंधित सभी कर्मचारियों के वेतन पर रोक लगाने के निर्देश जारी किए। मुख्य चिकित्साधिकारी ने चिकित्सा अधीक्षक को निर्देशित किया कि अनुपस्थित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों में लापरवाही और अनुशासनहीनता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

INPUT – RAHUL SHARMA