Visitors have accessed this post 35 times.

हाथरस जिले के मुरसान कस्बे में गुरुवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। हाथरस-मथुरा रोड स्थित टेलीफोन एक्सचेंज रोड रेलवे फाटक के पास तेज रफ्तार कंटेनर अनियंत्रित होकर रेलवे की दीवार तोड़ते हुए रेलवे ट्रैक के नजदीक पहुंच गया। इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि फुटपाथ पर सो रहे कई लोग बाल-बाल बच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कंटेनर संख्या UP86 AT 4079 हाथरस की ओर से तेज गति से आ रहा था। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कंटेनर रेलवे परिसर में लगे ओवरलोडिंग पोल से टकराने के बाद रेलवे की दीवार तोड़ते हुए ट्रैक के समीप पहुंच गया। रेलवे ट्रैक के पास कंटेनर को देखकर फाटक पर तैनात गेटमैन के होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल स्टेशन मास्टर को घटना की सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही मुरसान पुलिस मौके पर पहुंच गई और रेलवे कर्मचारियों ने भी उच्च अधिकारियों को अवगत कराया। गनीमत रही कि हादसे के समय रेलवे ट्रैक से कोई ट्रेन नहीं गुजर रही थी, अन्यथा बड़ा रेल हादसा हो सकता था। वहीं, फुटपाथ पर रहने वाली रनिया पत्नी बिजुआ ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ रेलवे फाटक के पास सड़क किनारे सो रही थीं। तभी तेज रफ्तार कंटेनर दीवार और पेड़ को तोड़ते हुए उनके बेहद करीब आकर रुक गया। उन्होंने बताया कि उन्होंने मौत को बेहद करीब से देखा। यदि कंटेनर समय रहते नहीं रुकता तो कई लोगों की जान जा सकती थी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि फुटपाथ पर रहने वाले परिवारों ने कई बार प्रशासन से रहने के लिए सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराने की मांग की है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। सड़क और फुटपाथ के बीच बेहद कम दूरी होने के कारण यहां हमेशा दुर्घटना का खतरा बना रहता है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और कंटेनर चालक की लापरवाही को हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है। इस घटना ने सड़क सुरक्षा और फुटपाथ पर रह रहे लोगों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

INPUT – VIRENDRA SHARMA