Visitors have accessed this post 13 times.
हाथरस : 10 जून बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक माह तक चलने वाले विटामिन ए सम्पूरण अभियान का शुभारम्भ बुधवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वेद प्रकाश ने शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र मधुगढ़ी में किया। अभियान की शुरुआत 9 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को विटामिन ए की खुराक पिलाकर की गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि विटामिन ए सम्पूरण कार्यक्रम का आयोजन वर्ष में दो बार, जून और दिसंबर माह में किया जाता है। इस अभियान के अंतर्गत जनपद के सभी वीएचएनडी (Village Health Nutrition Day) सत्रों पर नियमित टीकाकरण के साथ-साथ 9 माह से 5 वर्ष तक के 1,91,824 बच्चों को विटामिन ए की खुराक दी जाएगी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष प्रदेश सरकार ने विटामिन ए कार्यक्रम के साथ आयरन फोलिक एसिड (आईएफए) सिरप वितरण को भी जोड़ा है। एनीमिया मुक्त भारत कार्यक्रम के तहत 6 माह से 59 माह तक के बच्चों को 50 मिलीलीटर आयरन फोलिक एसिड सिरप उपलब्ध कराया जाएगा। इसका उद्देश्य बच्चों में एनीमिया की रोकथाम कर उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास को बेहतर बनाना है। इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (आरसीएच/प्रतिरक्षण) डॉ. राजीव गुप्ता, डॉ. मधुर कुमार, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. स्वाति गुप्ता, जिला कार्यक्रम प्रबंधक बलवीर सिंह वर्मा, अरबन हेल्थ कोऑर्डिनेटर पुष्पेंद्रवीर सिंह, जेएसआई जिला समन्वयक सतेंद्र कुमार, पीसीआई जिला समन्वयक सुशील कुमार, फार्मासिस्ट पवन कुमार शर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्रों और वीएचएनडी सत्रों पर ले जाकर विटामिन ए की खुराक और आयरन फोलिक एसिड सिरप अवश्य दिलवाएं, ताकि बच्चों को कुपोषण और एनीमिया जैसी समस्याओं से बचाया जा सके।

INPUT – RAHUL SHARMA











