Visitors have accessed this post 47 times.
हाथरस के मुरसान थाना क्षेत्र में हार्डवेयर कारोबारी सुनील की हत्या के मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले के दूसरे नामजद आरोपी चंदन को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्टल भी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, 14 जून को विकास कुमार पुत्र जगवीर सिंह निवासी असरोई, थाना इगलास, जनपद अलीगढ़ ने मुरसान थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनके भाई सुनील को तीन लोगों ने घर से बुलाकर गोली मार दी, जिससे उनकी मृत्यु हो गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने अपर पुलिस अधीक्षक हाथरस के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी सादाबाद के नेतृत्व में चार विशेष टीमों का गठन किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 14 जून को ही एक आरोपी अजय सिंह पुत्र रामवीर सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसके बाद शेष आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमों ने लगातार दबिश दी और तकनीकी साक्ष्यों, सर्विलांस तथा स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से जांच आगे बढ़ाई। इसी क्रम में मुरसान पुलिस ने दूसरे आरोपी चंदन पुत्र ओमवीर सिंह निवासी रहना, थाना हाथरस गेट को सासनी थाना क्षेत्र के सुसायत कलां मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी पिस्टल भी बरामद की है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले का एक अन्य आरोपी अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस का कहना है कि सुनील हत्याकांड से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है तथा दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
INPUT – VIRENDRA SHARMA











