Visitors have accessed this post 181 times.
हाथरस। फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुरेश अग्रवाल एवं आरटीआई कार्यकर्ता एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष राजीव वार्ष्णेय ने उपायुक्त उद्योग अजिलेश कुमार के खिलाफ शासन को संबोधित एक ज्ञापन सौंपते हुए उनके तत्काल कार्यमुक्त किए जाने की मांग की है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि शासन द्वारा लगभग 15 दिन पूर्व उपायुक्त उद्योग अजिलेश कुमार का स्थानांतरण महोबा जनपद के लिए कर दिया गया था तथा उन्हें तत्काल प्रभाव से नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद उन्होंने अभी तक हाथरस का कार्यभार नहीं छोड़ा है।
ज्ञापन में कहा गया है कि स्थानांतरण आदेश की अवहेलना शासन की गरिमा के विपरीत है। साथ ही यह भी आरोप लगाया गया कि अधिकारी का कार्यकाल तीन वर्ष से अधिक हो चुका है और वह स्थानांतरण रुकवाने के लिए विभिन्न स्तरों पर प्रयास कर रहे हैं। व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने दावा किया कि अधिकारी के रवैये से स्थानीय उद्यमियों, व्यापारियों एवं नागरिकों में रोष व्याप्त है।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि शासन के आदेशों का पालन सुनिश्चित करते हुए अधिकारी को तत्काल कार्यमुक्त किया जाए, निर्धारित समय में नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण न करने के मामले में विभागीय एवं अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए तथा पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए।
व्यापार मंडल नेताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार की जीरो टॉलरेंस एवं पारदर्शी शासन व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए इस मामले में शीघ्र कार्रवाई आवश्यक है।









