Visitors have accessed this post 27 times.
हाथरस जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) डॉ. वेद प्रकाश ने गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) सहपऊ एवं कुरसंडा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों स्वास्थ्य केंद्रों पर साफ-सफाई, चिकित्सा व्यवस्थाएं एवं मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाएं संतोषजनक पाई गईं। सीएचसी सहपऊ के निरीक्षण के दौरान चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अंकुश सिंह, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी सूचिका सहाय, चिकित्साधिकारी डॉ. रितु गुप्ता तथा डॉ. आनंदिता (डेंटल सर्जन) सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित मिले। सीएमओ ने डेंटल कक्ष का निरीक्षण करते हुए सभी चिकित्सा उपकरणों को पूर्ण रूप से क्रियाशील बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा बीपीएम कक्ष में स्वास्थ्य योजनाओं और प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा कर कार्यों को व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजिका का भी अवलोकन किया गया। चिकित्सा अधीक्षक ने बताया कि चिकित्साधिकारी डॉ. राजेश आकस्मिक अवकाश पर हैं तथा उन्होंने मानव सम्पदा पोर्टल पर नियमानुसार अवकाश आवेदन किया है। इसके बाद सीएमओ डॉ. वेद प्रकाश ने सीएचसी कुरसंडा का निरीक्षण किया, जहां डॉ. मीनाक्षी, डॉ. जगदीश प्रसाद, डॉ. रश्मि (डेंटल सर्जन), राकेश बाबू (डेंटल हाईजिनिस्ट) एवं पारस बाबू (फार्मासिस्ट) सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित पाए गए। स्वास्थ्य केंद्र की साफ-सफाई, उपकरणों की स्थिति तथा मरीजों को दी जा रही सेवाएं संतोषजनक मिलीं। निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने सभी स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देशित किया कि अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सकीय उपकरणों को नियमित रूप से क्रियाशील रखा जाए तथा मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों पर बेहतर चिकित्सा सेवाएं सुनिश्चित करना प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है, जिससे आम जनता को बेहतर और सुलभ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

INPUT – RAHUL SHARMA











