Visitors have accessed this post 16 times.
हाथरस : वर्ष 2019 में छत्तीसगढ़ के बीजापुर में नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में वीरगति प्राप्त करने वाले हाथरस के वीर सपूत एवं केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के उपनिरीक्षक मदन पाल सिंह की पुण्यतिथि पर रविवार को उनके पैतृक गांव तमना गढ़ी में श्रद्धांजलि अर्पित की गई। महानिदेशक कार्यालय, सीआरपीएफ के निर्देशानुसार निरीक्षक ओमवीर ने शहीद के परिजनों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा उनकी समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान शहीद की पत्नी श्रीमती स्नेहलता देवी, पुत्र राहुल एवं मनीष, पुत्रियां पिंकी और निशा सहित परिवार के अन्य सदस्य एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे। उपनिरीक्षक मदन पाल सिंह 28 जून 2019 को छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों के साथ हुई भीषण मुठभेड़ के दौरान गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें चार गोलियां लगीं, लेकिन गंभीर हालत में भी उन्होंने अदम्य साहस का परिचय देते हुए एक नक्सली को मार गिराया। बाद में उपचार के दौरान उन्होंने देश की सेवा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया। अपने सेवाकाल में मदन पाल सिंह ने आतंकवाद और नक्सलवाद के खिलाफ कई अभियानों में उल्लेखनीय वीरता का प्रदर्शन किया। उनका साहस, कर्तव्यनिष्ठा और देशभक्ति आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने शहीद मदन पाल सिंह के बलिदान को नमन करते हुए कहा कि राष्ट्र उनके सर्वोच्च बलिदान को सदैव याद रखेगा। उनका जीवन देशभक्ति, साहस और समर्पण का प्रतीक है।

INPUT – RAHUL SHARMA











