Visitors have accessed this post 39 times.
हाथरस उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में साइबर ठगों ने ठगी का एक नया तरीका अपनाते हुए एक सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) संचालक को अपना निशाना बनाया। कोतवाली सदर क्षेत्र के मुरसान गेट स्थित कामरेड भगवानदास मार्ग पर हुई इस घटना में आरोपी ने क्यूआर (QR) कोड के माध्यम से 10 हजार रुपये की ठगी कर फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, देर शाम एक युवक स्कूटी से सीएससी केंद्र पर पहुंचा और केंद्र संचालक शैलेंद्र कुमार सिंह से कहा कि वह 10 हजार रुपये एक क्यूआर कोड पर ट्रांसफर कर दें। युवक ने भरोसा दिलाया कि वह तुरंत नकद राशि दे देगा। संचालक ने युवक द्वारा दिखाए गए क्यूआर कोड पर 10 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। रुपये ट्रांसफर होने के बाद आरोपी बिना नकद भुगतान किए स्कूटी से मौके से फरार हो गया। जब तक संचालक को ठगी का एहसास हुआ, तब तक आरोपी वहां से निकल चुका था। घटना की पूरी वारदात सीएससी केंद्र और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। सूचना मिलने पर कोतवाली सदर पुलिस और साइबर क्राइम टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।साइबर ठगी से बचने के लिए सावधानियां
लगातार बढ़ रहे साइबर अपराधों को देखते हुए पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी डिजिटल लेन-देन से पहले पूरी तरह पुष्टि करें। बिना सत्यापन के किसी अजनबी के कहने पर पैसे ट्रांसफर न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन पर सूचना दें।
INPUT – RAHUL SHARMA











