Visitors have accessed this post 40 times.
हाथरस : उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती रेनू गौड़ ने शनिवार को हाथरस के जवाहर नवोदय विद्यालय, अगसौली का निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षणिक, व्यवस्थागत एवं छात्र हित से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण से पूर्व उन्होंने स्वामी विवेकानंद की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में भी सहभागिता कर श्रद्धांजलि अर्पित की। निरीक्षण के दौरान रेनू गौड़ ने विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं और शिक्षकों से संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, स्वास्थ्य, दैनिक दिनचर्या, आवासीय सुविधाओं तथा विद्यालय में उपलब्ध संसाधनों की जानकारी प्राप्त की। साथ ही विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, मध्याह्न भोजन, अनुशासन, स्वच्छता और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास से संबंधित व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की। राज्य महिला आयोग की सदस्य ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यालय प्रशासन को बच्चों के समग्र विकास, शिक्षा की गुणवत्ता और सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों का सर्वांगीण विकास ही शिक्षा व्यवस्था का प्रमुख उद्देश्य होना चाहिए। निरीक्षण के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. भगवान सिंह, उपप्रधानाचार्य एस.के. तोमर सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। विद्यालय प्रशासन ने निरीक्षण के दौरान विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए छात्र हित में किए जा रहे कार्यों से भी अवगत कराया।
INPUT – RAHUL SHARMA











