Visitors have accessed this post 12 times.

हाथरस के दून पब्लिक स्कूल, हाथरस ने शिक्षा के क्षेत्र में एक और उल्लेखनीय उपलब्धि अपने नाम करते हुए इंडियन टैलेंट ओलंपियाड (ITO) 2025-26 में देश के शीर्ष 100 विद्यालयों में स्थान प्राप्त किया है। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विद्यालय को प्रतिष्ठित ‘गोल्डन स्कूल अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। यह उपलब्धि न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे हाथरस जनपद के लिए गर्व का विषय है। विद्यालय के प्रधानाचार्य जे. के. अग्रवाल को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, प्रभावी नेतृत्व और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में उत्कृष्ट योगदान के लिए ‘बेस्ट प्रधानाचार्य अवॉर्ड’ प्रदान किया गया। वहीं, ओलंपियाड समन्वयक नैतिक राठौर को विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन और प्रभावी मार्गदर्शन के लिए ‘बेस्ट कोऑर्डिनेटर अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। इंडियन टैलेंट ओलंपियाड (ITO) के गणित ओलंपियाड में विद्यालय के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। कक्षा प्रथम के छात्र भाव्यांश ने राज्य स्तर पर चौथी रैंक प्राप्त कर ₹1000 का नकद पुरस्कार एवं सम्मान-पत्र हासिल किया। कक्षा चौथी के छात्र यश सिंह ने सातवीं रैंक प्राप्त कर ₹700 का पुरस्कार जीता। इसके अलावा कक्षा द्वितीय के मुदित (21वीं रैंक), कक्षा तृतीय के यशस्व (23वीं रैंक) तथा कक्षा नौवीं की छात्रा रिद्धि (25वीं रैंक) को ‘एक्सीलेंस अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। विद्यालय की उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण सफलता तब जुड़ी, जब साइंस ओलंपियाड फाउंडेशन (SOF) द्वारा आयोजित इंटरनेशनल मैथमेटिक्स ओलंपियाड (IMO) में दून पब्लिक स्कूल के 12 विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल प्राप्त किए। विद्यालय प्रबंधन ने इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन, अभिभावकों के सहयोग और विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक व्यवस्था को दिया। प्रधानाचार्य जे. के. अग्रवाल ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल अच्छे परीक्षा परिणाम दिलाना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, तार्किक सोच, नवाचार और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के अनुरूप कौशल विकसित करना है।

उन्होंने सभी सम्मानित विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे विद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। दून पब्लिक स्कूल की यह सफलता हाथरस जिले के लिए भी गौरव का विषय है और आने वाले समय में अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

INPUT – RAHUL SHARMA