Visitors have accessed this post 62 times.

हाथरस जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने 6 और 7 जुलाई 2026 को विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। अभियान के दौरान विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच करते हुए मिलावट की आशंका पर कुल छह खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। विभागीय टीम ने जी.एम. फूड, सकेमपुर से मुरब्बा और चटनी, श्री गणेश फूड प्राइवेट लिमिटेड, एरिखा से मुरब्बा, गणेश फूड प्रोडक्शन, ढकपुरा रोड से चटनी, जय हनुमान फूड, नगला अलगर्जी से ब्राइन मैंगो तथा श्री बापू ग्रामोद्योग सेवा संस्थान, आगरा रोड से आंवला मुरब्बा के नमूने लिए। अधिकारियों के अनुसार प्रयोगशाला की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान गणेश फूड प्रोडक्शन, ढकपुरा रोड पर मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त पाए गए एक टैंक चटनी, लगभग 2.5 क्विंटल चीनी की चाशनी और करीब 2 क्विंटल खराब आम सहित अन्य सामग्री को नियमानुसार नष्ट कराया गया। वहीं जय हनुमान फूड, नगला अलगर्जी में भी लगभग 10 क्विंटल मिश्रित अचार को विक्रेता की सहमति से नष्ट कराया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने कहा कि आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए जिले में निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। विभाग ने खाद्य कारोबारियों से खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील भी की है।

INPUT – RAHUL SHARMA