Visitors have accessed this post 212 times.
सादाबाद इंटर कॉलेज में सोमवार को “जल संरक्षण : वर्तमान आवश्यकता एवं हमारी जिम्मेदारी” विषय पर जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जल के विवेकपूर्ण उपयोग के लिए प्रेरित करना था। गोष्ठी को संबोधित करते हुए शिक्षक संजय पाल सिंह एवं धर्मवीर ने जल संरक्षण के महत्व, वर्षा जल संचयन, भूजल स्तर में लगातार हो रही गिरावट तथा दैनिक जीवन में पानी बचाने के प्रभावी उपायों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जल प्रकृति का अमूल्य संसाधन है और इसकी प्रत्येक बूंद का संरक्षण करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने छात्रों से घर, विद्यालय और आसपास के क्षेत्रों में पानी की बर्बादी रोकने का संदेश भी दिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से जल बचाने का संकल्प लेने और समाज में भी इसके प्रति लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में शिक्षक मु. इमरान, कपिल गुप्ता, निकेश कुमार तिवारी, राजेश कुमार, प्रदीप कुमार सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। गोष्ठी के अंत में सभी उपस्थितजनों ने जल संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने तथा जल की प्रत्येक बूंद बचाने का सामूहिक संकल्प लिया। यह आयोजन विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण और जल संसाधनों के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

INPUT – KANHAIYA LAL











